नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुजफ्फरपुर। जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने लग्जरी चारपहिया वाहन से शराब की तस्करी करते अंतरजिला गिरोह के दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। सारण नंबर के वाहन की डिक्की और पिछली सीट के नीचे से अंग्रेजी शराब की 24 कार्टन बरामद हुई है। शराब की खेप उत्तर प्रदेश से सड़क मार्ग के जरिए पूर्वी चंपारण ले जाई जा रही थी। साहेबगंज-केसरिया रोड के पास घेराबंदी कर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन को पकड़ा। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई शशिकांत सिंह के साथ टीम ने साहेबगंज-केसरिया रोड के पास घेराबंदी की थी।
इसी दौरान बंगरा घाट पुल की ओर से शराब की खेप लेकर एक वाहन आता दिखाई दिया। टीम ने दूर से ही वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ब्रेक लगाकर गाड़ी को तुरंत घुमाने का प्रयास किया।उत्पाद जवानों ने दौड़कर वाहन चालक को पकड़ लिया। उसका सहयोगी रोहित कुमार भी वाहन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवानों ने उसे भी दबोच लिया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की और पिछली सीट के नीचे शराब की खेप बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीवान जिले के गोपालपुर कोठी निवासी अमित कुमार और पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के बैसखुआ निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, वाहन से दो सौ लीटर से अधिक शराब बरामद हुई है। वाहन जब्त कर दोनों आरोपितों को आबकारी थाना लाया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपित पहले भी इसी तरह शराब की खेप लेकर आ चुके हैं। उत्पाद विभाग ने पूर्वी चंपारण और सीवान जिले के संबंधित थानों से संपर्क कर दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है। दोनों का पूर्व आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।