टोटो से शव अस्पताल भेजने का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा, आधे घंटे तक बाधित रहा आवागमन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अकबरपुर (नवादा)। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के गोगन और जफरा गांव के समीप बुधवार दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी कैलू चौधरी के पुत्र संतोष चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, शव को सदर अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस के बजाय टोटो का इस्तेमाल किए जाने के आरोप पर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने शहर के प्रजातंत्र चौक पर सड़क जाम कर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे गोगन एवं जफरा गांव के समीप संतोष चौधरी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नेमदारगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
इसी दौरान शव को अस्पताल ले जाने के क्रम में प्रजातंत्र चौक के समीप परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप था कि शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई और टोटो से ले जाया जा रहा था। इसको लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गोगन एवं जफरा गांव के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। प्रजातंत्र चौक पर परिजनों द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाया और जाम हटवाया। मामले की जांच की जा रही है।