पुरानी जेल रोड स्थित सिन्हा भवन में संचालित क्लीनिक को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नवादा। शहर के पुरानी जेल रोड स्थित सिन्हा भवन के समीप एक नवजात शिशु का शव आवारा कुत्तों द्वारा नोचे जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सरेराह हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आसपास संचालित एक निजी क्लीनिक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह की घटना सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सिन्हा भवन में संचालित निजी क्लीनिक में स्वास्थ्य मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन नहीं किया जा रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि नवजात के शव को वहां से किस परिस्थिति में बाहर लाया गया और उसे सड़क पर किसने छोड़ा, इसकी जांच होनी चाहिए। हालांकि, नवजात के शव और क्लीनिक के बीच संबंध को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि शहर में निजी क्लीनिकों का नियमित निरीक्षण किया जाता है तो स्वास्थ्य मानकों के विपरीत संचालन की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? लोगों ने क्लीनिक के पंजीकरण, चिकित्सकीय सुविधाओं और संचालन संबंधी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।
समाजसेवियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के नाम पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से पुरानी जेल रोड स्थित क्लीनिक की भूमिका की जांच कराने के साथ जिले में संचालित सभी निजी क्लीनिकों का निरीक्षण कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि नवजात के शव को सड़क पर छोड़ने के मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिले में निजी चिकित्सा संस्थानों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।