नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सारण। बाढ़ की स्थिति के बीच शनिवार को उप मुख्यमंत्री सह वाणिज्य-कर मंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव दरियापुर पहुंचे। उन्होंने प्रखंड की बारवें पंचायत में सारण तटबंध के समीप संचालित सामुदायिक रसोई एवं स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने सामुदायिक रसोई में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था देखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों तथा प्रभावित लोगों तक भोजन पहुंचने की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को भोजन के लिए परेशानी नहीं हो। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। यहां बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था के संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने शिविर में आने वाले लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
प्रभावित लोगों तक भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, दवा और अन्य आवश्यक राहत सामग्री लगातार पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। राहत कार्यों को पूरी तत्परता के साथ जारी रखने का निर्देश दिया गया।