नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मधुबनी। मधुबनी के जयनगर से दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रे (12561) में शनिवार को उस समय रेलवे की सजगता देखने को मिली, जब यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के ए2 कोच में शनिवार को एक ऐसा ‘रहस्यमयी जीव’ देखा गया जिसने जयनगर से लेकर मुजफ्फरपुर तक रेलवे महकमे की नींद उड़ा दी। सीट के ऊपर पैनल में रेंगते हुए सांप जैसे जीव को देखकर यात्रियों के होश उड़ गए। डर का आलम यह था कि लोग अपनी सीटों पर खड़े हो गए।
चौंकाने वाली बात यह है कि जब दरभंगा में रेलवे की टीम ने पैनल खोलकर देखा। तो बच्चे और परिवार सहम गए। यात्री अरुण ठाकुर के अनुसार, शिकायत के बाद भी दरभंगा में सिर्फ औपचारिकता निभाई गई और कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिससे लोग कई किलोमीटर तक खौफ के साए में सफर करने को मजबूर हुए। आखिरकार मुजफ्फरपुर में रात 9:30 बजे बोगी को बदलने का फैसला लिया गया
मुजफ्फरपुर में भी घंटों की तलाश के बाद जब यह ‘मिस्ट्री स्नेक’ हाथ नहीं आया, तो प्रशासन ने कोई खतरा न लेते हुए पूरी बोगी को ही ट्रेन से काट कर अलग कर दिया। इस अदृश्य डर के साए में ट्रेन करीब एक घंटे तक जंक्शन पर खड़ी रही। रेलवे के इस सुरक्षा-केंद्रित कदम के कारण ट्रेन थोड़ी देर से रवाना हुई, लेकिन यात्रियों ने राहत की सांस ली और सुरक्षित सफर के लिए रेलवे की इस तत्परता की सराहना की।