आईआईटी कानपुर में बीटेक कर रहे अमरनाथ की उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा प्रखंड के मरांची गांव निवासी प्रतिभाशाली छात्र अमरनाथ पराशर का चयन राष्ट्रीय रक्षा कोष के अंतर्गत उच्चतर शिक्षा हेतु प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ है। अमरनाथ वर्तमान में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ मरांची गांव में भी खुशी और गर्व का माहौल है।
20 वर्षीय अमरनाथ पराशर श्रीमती सुमन कुमारी एवं रंजीत कुमार के पुत्र तथा बरियार टोला निवासी राम बालक सिंह के पौत्र हैं। वह आईआईटी कानपुर के हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रख रहे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से 22 जुलाई 2026 को जारी पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ को प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना के लिए चयनित होने पर बधाई दी है। पत्र में प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि यह छात्रवृत्ति अमरनाथ के सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी में सहायक होगी।
अमरनाथ के पिता रंजीत कुमार सीमा सुरक्षा बल में सेवारत हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड में सहायक कमांडर के पद पर तैनात हैं। ऐसे में बेटे की इस उपलब्धि को परिवार के लिए विशेष गौरव का विषय माना जा रहा है।
अमरनाथ के छात्रवृत्ति के लिए चयन की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में खुशी है। वहीं, मरांची के ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।