नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भभुआ। कैमूर जिले के मोहनिया क्षेत्र में मोबाइल टावर साइट पर कथित रूप से कब्जा करने और तोड़फोड़ का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15-20 स्थानीय लोगों की भीड़ ने इंडस टावर्स लिमिटेड के मोबाइल टावर साइट पर जबरन कब्जा करने और तोड़फोड़ का प्रयास किया। इस दौरान कंपनी के कई अधिकारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है।
घटना के संबंध में कंपनी की ओर से आज कुदरा थाना में चुनमुन कुमार पांडेय, धर्मेंद्र पांडेय, विकास कुमार तिवारी, बंटी कुमार, टुनटुन तिवारी, विश्वजीत कुमार, अनिल तिवारी, पुनीत उपाध्याय, अविनाश कुमार, अरविंद कुमार तिवारी सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास कुमार तिवारी और अरविंद कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्राथमिकी में नामजद चुनमुन कुमार पांडेय और धर्मेंद्र पांडेय के फरार होने की बात सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर तलाश में जुटी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी तहकीकात की जा रही है।