नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद में अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस प्रशासन ने 11 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। नवीनगर, बारुण और हसपुरा जैसे प्रमुख थानों के प्रभारियों को बदलने के साथ-साथ साइबर थाना और पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं आरटीपीएस, महिला आयोग, मानवाधिकार आदि में नए प्रभार सौंपे गए हैं। यह बदलाव कितना असरदार साबित होगा, यह नए अधिकारियों की कार्यशैली पर निर्भर करेगा, जिससे जिले में पुलिसिया कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।
मुफस्सिल एवं नगर अंचल के पुलिस निरीक्षक मो. फहीम आजाद खान को अब मुफस्सिल थानाध्यक्ष की कमान दी गई है। वहीं, मुफस्सिल अंचल के निरीक्षक परवेज अली को नगर अंचल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कैंप कुटुंबा से अजय कुमार को बारुण थानाध्यक्ष बनाया गया है। बारुण के निवर्तमान थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को हसपुरा थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हसपुरा के थानाध्यक्ष रहे दिनेश कुमार को कैंप कुटुंबा का पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अक्षयवर सिंह को नवीनगर थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, नवीनगर के थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय को यातायात थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवीनगर अंचल के पुलिस निरीक्षक सूरज कुमार को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ कैंप बारुण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार का तबादला साइबर थाना की अनुसंधान इकाई में किया गया है। पुलिस केंद्र में पदस्थापित शंभू कुमार को अभियोजन कोषांग का प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, यातायात थाना के प्रभारी रहे रफीकुर्र रहमान को पुलिस कार्यालय में आरटीपीएस, आरटीआई, महिला आयोग, एससी-एसटी, एएचटीयू और मानवाधिकार आयोग सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है।