हाथी-घोड़े के साथ निकली यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और बच्चियों ने लिया हिस्सा, भक्तिमय हुआ माहौल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा और घोसवरी प्रखंड में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। विभिन्न दुर्गा मंदिरों में मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। पूजा-पाठ और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
मोकामा के श्याम मार्केट स्थित दुर्गा माता मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा सूर्यनारायण गंगा घाट से शुरू होकर मोलदियार टोला, थाना चौक और बाजार चौक होते हुए श्याम मार्केट स्थित दुर्गा मंदिर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और बच्चियों ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। वहीं, हाथी-घोड़ों के साथ हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल हुए।
कलश यात्रा के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। पारंपरिक धार्मिक उत्साह के बीच निकली इस यात्रा ने नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में नगर सभापति नीलेश कुमार, ब्रांड एंबेसडर छितेंद्र कुमार सिंह, सभी वार्ड पार्षदों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वहीं, मोकामा के बड़ी दुर्गा स्थान और स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की आराधना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मोकामा और घोसवरी के विभिन्न पूजा स्थलों पर नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।