नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। आगामी 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर गांधी मैदान मसौढ़ी में होने वाले रावण वध समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। हर साल यहाँ हजारों की संख्या में लोग रावण वध देखने उमड़ते हैं। इसी को लेकर सोमवार की शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। एसडीएम धनराज कुमार और डीएसपी राघव दयाल ने कार्यपालक पदाधिकारी राजू पटेल, थानाध्यक्ष विवेक भारती एवं रावण वध कमेटी के पालटन सिंह, अश्विनी उर्फ गोल्डी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने भीड़ नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, वॉच टावर लगाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और निकासी द्वार की व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इसके अलावा गांधी मैदान में आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ड्रॉप गेट बनाने, कार्यक्रम के दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, पार्किंग स्थल का निर्धारण समेत अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर बिंदुवार चर्चा की गई।
एसडीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया है ताकि रावण वध समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।