मनसा सिंह गेट के पास वारदात, एटीएम में नकदी जमा करने जा रहे विजय कुमार को बनाया निशाना; सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो में दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट की घटना से सनसनी फैल गई। माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एटीएम में नकदी जमा करने जा रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाया और रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, हिटाची फ्रेंचाइजी पेमेंट सर्विस के बिजनेस पार्टनर विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर बाइक से कुर्मीडीह स्थित एटीएम में नकदी जमा करने जा रहे थे। बताया गया कि दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण एटीएम में जमा करने के लिए अधिक नकदी निकाली गई थी।
इसी दौरान मनसा सिंह गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जाएगी। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इतनी बड़ी रकम बाइक से ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी बड़ी रकम बिना पर्याप्त सुरक्षा के कैसे ले जाई जा रही थी? फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान करने और लूटी गई रकम बरामद करने के लिए जांच में जुटी है।