नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में दुर्गा पूजा मेला घूमने निकली पांच लड़कियां अब आंध्र प्रदेश में मिली हैं। बिहार में मेला घूमने निकलीं लड़कियां यहां से करीब 1500 किलोमीटर से ज्यादा दूर आंध्र प्रदेश कैसे पहुंच गईं? फिलहाल इलाके के लोगों में यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मनसाही थाना क्षेत्र से मरंगी दुर्गा पूजा मेला घूमने निकलीं पांच लापता बच्चियों को रेलवे सुरक्षा बल ने आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा स्टेशन से पहले बरामद कर लिया है। बच्चियों के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर उन्हें खोज निकाला। बच्चियों के दूसरे राज्य में मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली।
इधर इस मामले में जिला पुलिस की सक्रियता और रेलवे सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना की जा रही है। समय रहते बच्चियों का पता लगने से परिजनों की एक बड़ी चिंता दूर हुई है। दुर्गा पूजा मेले में घूमने निकलीं बच्चियों के अचानक लापता होने से परिजन परेशान थे। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरपीएफ के सहयोग से बच्चियों का पता लगना राहत भरी खबर है। पांचों बच्चियों को सकुशल खोजने के लिए जिला पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल का आभार जताया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि बच्चों के लापता होने की स्थिति में त्वरित सूचना, पुलिस की सक्रियता और विभिन्न राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय कितना महत्वपूर्ण है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा पर नवमी की रात अचानक इन बच्चियों के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की बात सामने आई थी। यह भी कहा जा रहा है कि सभी लड़कियां घऱ से मेला देखने निकली थीं। यह भी कहा जा रहा है कि यह सभी लड़कियां आपस में सहेलियां हैं। सभी एक ही स्कूल की कक्षा छह की छात्रा बताई जा रही हैं।
बच्चियों के अचानक गायब होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि इनके पास कोई मोबाइल नहीं था और ना हीं इनका सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट था। अचानक लड़कियों के गायब हो जाने से गांव में कई तरह की चर्चा हो रही थी। लड़कियों के काफी देर तक घऱ नहीं आने पर परिजनों ने इनकी काफी तलाश की थी। अंत में थक हारकर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। पांच लड़कियों के एक साथ लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के भी कान खड़े हो गए थे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए इनकी तलाश शुरू कर दी थी और इसका यह असर हुआ कि 24 घंटे में ही पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला।