पुलिसकर्मियों पर बच्चों की पिटाई का आरोप, धर्मशाला चौराहे पर धरना, थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप से वार्ता के बाद मामला शांत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन धर्मशाला चौराहे के समीप गुरुवार की सुबह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कथित मारपीट को लेकर विवाद हो गया। पुलिसकर्मियों पर बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए श्रीबड़ी देवी पुरानी शिव मंदिर कमेटी के सदस्यों और स्थानीय बाजारवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने करीब तीन घंटे तक पुनपुन बाजार बंद रखा और धर्मशाला चौराहे पर धरना दिया। बाद में पुनपुन थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप और अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद मामला शांत हुआ।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, दुर्गा प्रतिमा क्षेत्र भ्रमण के बाद पुनपुन बाजार होते हुए मस्जिद के उत्तर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक लड़का ड्यूटी पर तैनात पुरुष कांस्टेबल से टकरा गया। आरोप है कि इस क्रम में एक महिला सिपाही भी टकराकर गिर पड़ी। इसके बाद मौके पर तैनात सिपाही मोहम्मद हैदर अली समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने गोलू, रितिक, आयुष, रंजय, अमित, कुंदन और मोहित सहित कई बच्चों की डंडे से पिटाई कर दी। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि घटना में कई बच्चे चोटिल हो गए।
घटना से नाराज पूजा समिति के सदस्यों और बाजारवासियों ने एकजुट होकर विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पुनपुन निवासी नीरज कुमार, सतगुरु प्रसाद, सुनील ठाकुर, पप्पू राम और राजेश गुप्ता कर रहे थे। बाजार बंद रहने से स्थानीय कारोबार और जनजीवन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुनपुन थानाध्यक्ष बम-बम कुमार ने करीब तीन घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए थाने बुलाया। अंचल निरीक्षक लाल बाबू राय की मौजूदगी में पूजा समिति के सदस्यों के साथ वार्ता हुई। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की शिकायतें सुनीं और मामले पर चर्चा की।
वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। इसके बाद बाजार की गतिविधियां सामान्य हो गईं। हालांकि, पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों और बच्चों के चोटिल होने के संबंध में आधिकारिक पक्ष की पुष्टि नहीं हो सकी है।