देव कार्तिक छठ मेला- 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में देव कार्तिक छठ मेला- 2026 के अवसर पर देव में आने वाले छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आवासन की व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आवासन हेतु चिह्नित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आवासन के लिए निम्नलिखित नौ स्थलों को चिह्नित किया गया है:
1. राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय का मैदान।
2. राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय के मैदान के पश्चिम (पीछे की ओर) का स्थल।
3. मालीनगर के पास।
4. हरिकीर्तन बिगहा पैक्स गोदाम के उत्तरी भाग में।
5. थाना के पास मेला क्षेत्र में।
6. सिंचाई कॉलोनी का मैदान।
7. चाँदपुर मध्य विद्यालय का मैदान।
8. संत विजय दास धर्मशाला, बहुआरा मोड़ के पास।
9. नरची गेट के पीछे, दिवाकर नगर के पास मैदान।
जिला पदाधिकारी द्वारा अंचल अधिकारी, औरंगाबाद सदर एवं अंचल अधिकारी, देव को निर्देशित किया गया कि सभी चिह्नित आवासन स्थलों का उचित लेआउट मैप तैयार कराते हुए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। साथ ही, सभी स्थलों पर अतिक्रमण की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवासन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में आवासन स्थलों पर जलजमाव की समस्या पर भी ध्यान आकृष्ट किया गया। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थलों को श्रद्धालुओं के आवासन के लिए उपयुक्त एवं सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिया गया।
वहीं, जिला पदाधिकारी द्वारा विद्युत कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित आवासन स्थलों की विद्युत आवश्यकता का समुचित आकलन करते हुए लोड एनालिसिस किया जाए। साथ ही, विद्युत कनेक्शन एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन जाँच कर आवश्यकतानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिह्नित आवासन स्थलों पर नामित कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराई जाएँ।
जिला प्रशासन देव कार्तिक छठ मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक आवासन सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद सदर गौरव सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही बीआरबीसीएल, एनपीजीसीएल एवं बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।