नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई दी है। इस अवसर पर सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने आंतरिक सुरक्षा को धार देने, नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने और सहकारिता क्षेत्र में हो रहे बड़े बदलावों में शाह की रणनीतिक भूमिका को सराहा है। नेताओं ने देश को सुरक्षित बनाने और समाज को नशामुक्त करने के उनके संकल्प को राष्ट्रसेवा का एक प्रेरणादायी उदाहरण बताया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद की है।पीएम मोदी ने विशेष रूप से माओवाद की समस्या को खत्म करने और नशामुक्त समाज के सपने को आगे बढ़ाने में मिली सफलताओं का उल्लेख किया। उन्होंने अमित शाह के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि वह जनता की सेवा में लगातार सक्रिय रहें।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर पोस्ट कर अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।” राजनाथ सिंह ने कहा कि अमित शाह भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने के लिए पूरी लगन और कर्मठता से काम कर रहे हैं। उन्होंने अमित शाह के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और राष्ट्रसेवा में उनकी निरंतर सक्रियता की कामना की।
अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह 2019 से केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और भारतीय इतिहास में सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले गृह मंत्री हैं। गृह मंत्रालय के साथ-साथ वह केंद्रीय सहकारिता मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। अमित शाह की नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात 1982 में अहमदाबाद में आरएसएस से जुड़े संपर्कों के माध्यम से हुई थी। उस समय नरेंद्र मोदी आरएसएस के प्रचारक थे और शहर में युवा गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके बाद दोनों के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक संबंध आगे बढ़े।
अमित अनिलचंद्र शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में एक गुजराती हिंदू परिवार में हुआ था। उनका परिवार गुजरात के मानसा से जुड़ा रहा है। उनके परदादा मानसा की छोटी रियासत में नगरसेठ यानी नगर के प्रमुख व्यापारी और प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। उनके पिता अनिलचंद्र शाह मानसा के कारोबारी थे और पीवीसी पाइप का सफल व्यवसाय चलाते थे। अमित शाह का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ाव बचपन से ही रहा। वह कम उम्र में अपने मोहल्ले की शाखाओं में हिस्सा लेते थे। अहमदाबाद में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान वह औपचारिक रूप से आरएसएस के स्वयंसेवक बने।