नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आज बुधवार को औरंगाबाद में पंजाब नेशनल बैंक के औरंगाबाद मंडल कार्यालय की ओर से पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च ओल्ड जीटी रोड स्थित मंडल कार्यालय से शुरू होकर रमेश चौक होते हुए रामनरेश सिंह रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक तक गई। इसके बाद पुनः पैदल मार्च वापस मंडल कार्यालय के पास आकर समाप्त हुई। मार्च का नेतृत्व बैंक के मंडल प्रमुख कन्दर्प कुसुम ने किया।

इस अवसर पर मंडल प्रमुख कन्दर्प कुसुम ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों में ईमानदारी एवं जवाबदेही के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।
उन्होंने बैंककर्मियों से अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, नियमों का पालन करने और ग्राहकों को बेहतर एवं निष्पक्ष सेवाएं प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता का आधार है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेगा, तभी भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकेगा।
पैदल मार्च के माध्यम से आम लोगों को सतर्क रहने, भ्रष्टाचार का विरोध करने और अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
मौके पर बैंक के अधिकारी वीएन कपूर, संजय कुमार, रवि कुमार, कुणाल किशोर, राजकुमार, उज्ज्वल प्रकाश, अदिति त्रिवेदी, खुशबू कुमारी, नम्रता, दीपू आदि उपस्थित रहे।