फोरलेन पर पावर ग्रिड के समीप हादसा, ट्रक के उड़े परखच्चे, हाइवा के अचानक ब्रेक लगाने से दुर्घटना की आशंका
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर पावर ग्रिड के समीप मंगलवार देर रात टमाटर लदे ट्रक की भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे में ट्रक के खलासी कमलेश चर्मकार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अमर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के दोनों पैर टूटने की जानकारी मिली है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी त्योत्तर निवासी राम बोहर चर्मकार के पुत्र कमलेश चर्मकार के रूप में हुई है। वहीं, घायल अमर पटेल रीवा जिले के रघुनाथगंज के निवासी बताए गए हैं। ट्रक मध्य प्रदेश के रीवा से टमाटर लोड कर बरौनी जा रहा था, जहां माल उतारना था।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक का बाईं ओर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
ट्रक चालक अनिल पटेल के अनुसार, उनके आगे चल रहे एक हाइवा ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हाइवा चालक तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।