अकबरपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने दी बधाई, शिक्षक हितों के लिए काम करने की जताई उम्मीद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार की जीत पर अकबरपुर में राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। जीत की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर राजद नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और डॉ. संजीव कुमार को बधाई दी।
राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव के नेतृत्व में जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. संजीव कुमार की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। नेताओं ने उम्मीद जताई कि वे विधान परिषद में शिक्षक समुदाय की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे और शिक्षकों के हितों के लिए प्रभावी ढंग से काम करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाना महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. संजीव कुमार शिक्षक समुदाय की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष मुकेश यादव, उपसरपंच रंजन कुमार, मनीष माधव, मेराज खान, राजकुमार यादव, गणेश यादव सहित दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए मिठाइयां बांटी और जीत पर खुशी जाहिर की।