अकबरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस ने की कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शराब पीकर हंगामा किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार लोगों में गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुरौना गांव निवासी सुधन लाल (50 वर्ष), अकबरपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी राजू सिंह (48 वर्ष) और उपेंद्र शर्मा (39 वर्ष), देवरा गांव निवासी शिवपूजन कुमार (22 वर्ष) और दरोगी राम (55 वर्ष) शामिल हैं।
इसके अलावा गेरांडी गांव निवासी रोहित कुमार (22 वर्ष), विकास राजवंशी (24 वर्ष) और सुशांत सौरव (28 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराब के सेवन से जुड़ी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।