नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। बिहार में चल रहे नशा मुक्ति अभियान को लेकर अब गांव से लेकर शहर तक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को मसौढ़ी प्रखंड के शहीद संजय सिन्हा सभागार में जीविका दीदियों के साथ नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी जीविका दीदियों को शपथ दिलाई गई कि वे अपने आसपास हो रहे नशा सेवन को लेकर लोगों को जागरूक करेंगी, अपने गांव, समाज और परिवार में नशा छोड़ने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगी और नशा मुक्त बिहार बनाने में सहयोग करेंगी।

इस मौके पर बीपीएम दिग्विजय नारायण समदर्शी ने कहा कि नशा न सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है बल्कि परिवार और समाज को भी बर्बाद करता है। जीविका दीदियां गांव-गांव तक इस संदेश को पहुंचाएं तो अभियान को बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि हर टोला, हर पंचायत में नशा के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
कार्यक्रम में जीविका दीदी सोमा देवी, आशा देवी, गुंजन कुमारी, डॉली देवी, सोनी कुमारी, किरण कुमारी, रूबी देवी, ममता देवी, नीतू कुमारी, मंजूषा, विद्यावती समेत सैकड़ों जीविका दीदियां शामिल रहीं। इसके साथ ही सभी पंचायत के सीएलएफ और एरिया कोऑर्डिनेटर श्वेता कुमारी, विपुल, नदीम अनवर भी मौजूद रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।