रेलवे ने वसूला 61,050 रुपये जुर्माना, तारेगना समेत विभिन्न स्टेशनों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों में मची होड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया रेलखंड पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ पूर्व मध्य रेल के दानापुर रेल मंडल ने सघन टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत वातानुकूलित आरक्षित कोचों सहित प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों के टिकट और यात्रा प्राधिकार की जांच की गई। इस दौरान पुनपुन रेलवे स्टेशन पर चलाए गए ‘लालगाड़ी’ विशेष टिकट जांच अभियान में 111 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। इन यात्रियों से रेलवे ने कुल 61,050 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले।
रेलवे के इस विशेष अभियान का असर तारेगना रेलवे स्टेशन समेत पटना-गया रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर भी देखने को मिला। टिकट जांच की सख्ती के बीच यात्रियों में टिकट कटवाने की होड़ मची रही। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की टीम ने यात्रियों के यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच की।
रेल प्रशासन ने कहा कि वैध यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें और निर्धारित श्रेणी में ही सफर करें। बिना टिकट यात्रा करना रेल अधिनियम के तहत दंडनीय है।