नए डेटा सेंटर से हाईकोर्ट और निचली अदालतों का डिजिटल कामकाज होगा मजबूत, एआई आधारित सॉफ्टवेयर से न्यायिक प्रक्रिया को मिलेगी गति
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने झारखंड हाईकोर्ट की छह अत्याधुनिक डिजिटल सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने हाईकोर्ट के नए डेटा सेंटर का भी उद्घाटन किया। इस पहल को झारखंड की न्यायिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एस. चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अपरेश सिंह भी मौजूद रहे।

शुभारंभ की गई डिजिटल सुविधाओं में हाईकोर्ट की आधुनिक वेबसाइट, ऑनलाइन प्रमाणित प्रति आवेदन की सुविधा, आईओएस मोबाइल ऐप, अधिवक्ताओं के लिए व्यक्तिगत कॉज लिस्ट, ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सुविधा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित सुप्रीम टुडे सॉफ्टवेयर शामिल हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से न्यायालय से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करना, दस्तावेजों के लिए आवेदन करना और न्यायिक कार्यों का संचालन पहले की तुलना में अधिक आसान एवं सुविधाजनक होगा। हाईकोर्ट में स्थापित नए डेटा सेंटर से न केवल उच्च न्यायालय, बल्कि राज्य की निचली अदालतों के डिजिटल कामकाज को भी मजबूती मिलेगी। इससे न्यायिक सूचनाओं के संग्रहण, प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं के संचालन में बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

इससे पहले सीजेआई सूर्यकांत ने देवघर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न लाभुकों के बीच सहायता राशि के चेक वितरित किए और उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इसके अलावा उन्होंने पलामू और रांची में स्थापित लीगल एड क्लिनिक का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया। इन पहलों के माध्यम से झारखंड में न्यायिक सेवाओं को तकनीक से जोड़ने के साथ आम लोगों तक कानूनी सहायता की पहुंच आसान बनाने की दिशा में प्रयास किया गया है।