नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। भाजपा के कद्दावर नेता और प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के जुड़वां भाई निर्भय सिंह का शुक्रवार दोपहर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया. बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दिल का दौरा पड़ने की बात कही.
इसके बाद उन्हें कैथ लैब में शिफ्ट किया गया, जहां वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया. हालांकि, चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके. दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
निर्भय सिंह जमशेदपुर के साकची स्थित काशीडीह के रहने वाले थे. भाजपा से जुड़े रहने के साथ-साथ वे कई अन्य सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे.