अपराधियों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा आंदोलन, व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से मांगी सुरक्षा, जनप्रतिनिधियों के नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नेमदारगंज (नवादा)। अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज बाजार में मिठाई दुकानदार विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मारने की घटना के विरोध में बुधवार को व्यवसायियों ने बाजार बंद रखकर अपना आक्रोश जताया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं। इस दौरान व्यवसायियों ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य दिनों की चहल-पहल पूरी तरह गायब रही।
शांतिपूर्ण मार्च का नेतृत्व मुखिया उदय कुमार यादव ने किया। मार्च में रणविजय सिंह, बबलू नायक, भोला प्रसाद, अश्विनी प्रसाद समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और व्यवसायियों को सुरक्षा देने की मांग उठाई।
गौरतलब है कि छोटी दिवाली यानी शनिवार की शाम करीब 8:30 बजे नेमदारगंज बाजार स्थित राज मिष्ठान भंडार के संचालक विकास कुमार उर्फ उत्तम को बदमाशों ने गोली मार दी थी। थाना से महज कुछ दूरी पर हुई इस घटना के बाद से बाजार के व्यवसायियों में भय और आक्रोश व्याप्त है। व्यवसायियों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब दुकानदार सुरक्षित नहीं हैं तो बाजार और आम लोगों की सुरक्षा का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना के विरोध में सोमवार की शाम व्यवसायियों की बैठक हुई थी। इसमें मुखिया उदय कुमार यादव, बजरंग दल अध्यक्ष जीतू समेत कई व्यवसायी शामिल हुए थे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि बुधवार तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसी निर्णय के तहत बुधवार को सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इससे पहले मंगलवार को व्यवसायियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था।
व्यवसायियों ने कहा कि बाजार में लगातार इस तरह की आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए गोलीकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती और व्यवसायियों की सुरक्षा का ठोस भरोसा नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गोलीकांड के बाद न तो स्थानीय विधायक, न सांसद और न ही किसी विधान पार्षद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न ही संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। लोगों ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की सुरक्षा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पहल करने की मांग की।