लोकगीतों से गूंजे गांवों के आंगन, ओखल-मूसल से गोधन कूटकर बहनों ने मांगा भाइयों की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व बुधवार को अकबरपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में पारंपरिक हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सदियों पुरानी गोधन कूटने की अनोखी लोक परंपरा निभाई। सुबह से ही गांवों के घर-आंगन में इस परंपरा को लेकर महिलाओं और युवतियों में खास उत्साह देखने को मिला।
परंपरा के अनुसार, महिलाओं और युवतियों ने घरों के आंगन में गोबर से गोधन बाबा की आकृतियां बनाईं। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा संपन्न होने पर ओखल और मूसल से गोधन कूटा गया। इस दौरान बहनों ने पारंपरिक लोकगीत गाकर अपने भाइयों की सलामती की मंगलकामना की। ‘अवरा कुटिले, भौंरा कुटिले, कुटिले यम के दुआर…’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों से गांवों का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस लोक परंपरा से जुड़ी एक विशेष रस्म भी निभाई गई। कुछ स्थानों पर बहनें अपनी जीभ पर रेगनी के कांटे का प्रतीकात्मक स्पर्श कराती हैं। लोक मान्यता है कि गोधन कूटने से भाइयों पर आने वाली विपत्तियां दूर होती हैं और उन्हें दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। बहनें इस परंपरा के माध्यम से अपने भाइयों के सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना करती हैं।
बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के ग्रामीण इलाकों में प्रचलित यह अनूठी परंपरा भाई-बहन के रिश्ते की गहराई, प्रेम और समर्पण को दर्शाती है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस लोक संस्कृति को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ सहेजा जा रहा है। गोधन कूटने की रस्म केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बनी हुई है।