नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सारण। बिहार के सारण जिले के कमता गांव से छठ पूजा के दौरान एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. छठ पूजा की तैयारी कर रहे दो बच्चों की मिट्टी के टीले में दबने से मौत हो गई. दोनों बच्चे कुछ अन्य साथियों के साथ कमता पोखर के पास मिट्टी लेने गए थे. इसी दौरान मिट्टी का टीला अचानक धंस गया और दोनों बच्चे उसके नीचे दब गए. इस हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई. छठ महापर्व की तैयारियों में जुटे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
बच्चों को बचाने के लिए स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान अंकुश कुमार (12 वर्ष): पिता मंजय राय, जूली कुमारी (13 वर्ष): पिता विशुन साह, निवासी वार्ड संख्या 10, कमता गांव के रूप में हुई है. जिन घरों में पूजा की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है. स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मनोज राय के अनुसार, कमता पोखर के पास मिट्टी के टीले से बच्चे छठ पूजा में प्रसाद बनाने के लिए चूल्हा तैयार करने की खातिर मिट्टी लेने पहुंचे थे. उनके साथ कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे. इसी दौरान मिट्टी का टीला धंस गया और अंकुश कुमार तथा जूली कुमारी उसके नीचे दब गए.
आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जिस जगह बच्चे मिट्टी निकाल रहे थे, वहां करीब छह फीट ऊंचा मिट्टी का टीला था. मिट्टी निकालने के दौरान अचानक उसका बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. इसकी चपेट में कुल चार बच्चे आ गए. दो बच्चों को उनके साथियों और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अंकुश और जूली मिट्टी के भारी ढेर के नीचे दबे रह गए.
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे. मिट्टी का ढेर अधिक होने के कारण बच्चों को निकालने में काफी परेशानी हुई. इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी हटाई गई और दोनों को बाहर निकाला गया. ग्रामीण आनन-फानन में दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनियापुर लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी. इस हादसे ने दो ऐसे परिवारों को
उजाड़ दिया, जो अपने बच्चों के भविष्य के सपने देख रहे थे. अंकुश के पिता मंजय राय कोलकाता में ड्राइवर का काम करते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद वे घर लौट रहे है.वहीं, जूली के पिता विशुन साह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. जूली की असामयिक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं. जानकारी के अनुसार पुलिस ने पहले भी इस जगह से मिट्टी काटने पर रोक लगा रखी थी. बता दें कि छठ महापर्व बिहार में लोक आस्था का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है. इस दौरान बड़ी संख्या में परिवार पारंपरिक तरीके से मिट्टी के चूल्हे तैयार करते हैं. कई घरों में प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है.