नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। रांची-टाटा मार्ग पर बुंडू स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में छठ महापर्व की विशेष महत्ता है। यहां भगवान सूर्य की उपासना के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में छठव्रती पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान भास्कर एवं छठी मैया को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सूर्य मंदिर की आधारशिला वर्ष 1991 में रखी गई थी। इसके बाद 10 जुलाई 1994 को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के साथ पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई।
करीब तीन दशक से अधिक समय से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम इस स्थान पर पहुंचे थे और यहां से भगवान सूर्य को नमन किया था। इसी स्मृति में सूर्य मंदिर का निर्माण कराया गया। मंदिर बनने के बाद से ही श्रद्धालु यहां मन्नतें मांगने और पूजा-अर्चना करने पहुंचते रहे हैं। कई भक्तों का दावा है कि यहां उनकी मनोकामनाएं पूरी हुई हैं। छठ महापर्व के अवसर पर रांची, खूंटी, जमशेदपुर सहित बिहार और बंगाल से छठव्रती एक दिन पहले ही मंदिर पहुंचने लगते हैं। मंदिर का स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक परिसर श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है।

यहां छठव्रती पवित्र तालाब में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की आराधना करते हैं। संस्कृति विहार के संरक्षण में संचालित सूर्य मंदिर में छठव्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। संस्कृति विहार के सदस्य निःशुल्क सेवा प्रदान करते हैं। वहीं, बुंडू जायसवाल समिति की ओर से छठव्रतियों के बीच लाल गेहूं का वितरण किया गया। पर्व को देखते हुए मंदिर के समीप स्थित तालाब की साफ-सफाई भी कराई जाती है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुंडू पुलिस प्रशासन के जवान मंदिर और छठ तालाब परिसर में मुस्तैद रहते हैं। आस्था, परंपरा और सेवा का संगम बना बुंडू का सूर्य मंदिर छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।