मंत्री दिलीप जायसवाल एवं रमा निषाद संयुक्त रूप से करेंगे उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक स्थल देव में चार दिवसीय कार्तिक छठ मेला शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो रहा है। मेले का विधिवत उद्घाटन शुक्रवार को राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल और पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सह औरंगाबाद की प्रभारी मंत्री रमा निषाद संयुक्त रूप से करेंगे। गौरतलब है कि देव में छठ व्रत करने की विशिष्ट महत्ता है और इसकी गूंज देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया तक है।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले श्रद्घालुओं तथा छठव्रतियों के लिए पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा आदि के समुचित प्रबंध किये गये हैं। उन्होंने बताया कि मेला में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बल की तैनाती की गयी है।
कार्तिक छठ व्रत के अवसर पर त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर को अत्यन्त आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। देव छठ मेला में देश के विभिन्न प्रांतों तथा राज्य के कोने-कोने से श्रद्घालुओं एवं व्रतधारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। चार दिनों का यह पवित्र अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगा, जो 16 नवंबर को प्रात: उदयाचल सूर्य को अर्घ्य अर्पित किये जाने के साथ सम्पन्न होगा।
गौरतलब है कि कार्तिक छठ व्रत के दौरान देव आकर छठ व्रत करने की विशिष्ट धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता है। कहा जाता है कि यहां प्रति वर्ष दो बार कार्तिक एवं चैत माह में छठ व्रत के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्घालुओं को सूर्यदेव की उपस्थिति की साक्षात अनुभूति होती है।
सुप्रसिद्घ सौर तीर्थस्थल देव में चैती छठ व्रत करने यहां पूर्वोत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, झारखंड, बंगाल, उत्तरांचल एवं बिहार के विभिन्न जिलों के श्रद्घालु आते हैं और देव के ऐतिहासिक तथा त्रेतायुगीन पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर में सूर्यदेव की पूजा-अर्चना करते हैं।

इधर औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल से मिलकर देव कार्तिक छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सरकार से सहयोग का आग्रह किया है।
विधायक श्री सिंह ने मंत्री से देव छठ महापर्व के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया जिसके बाद देव छठ मेला के लिए इस बार 45 लाख का आवंटन हुआ ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।