प्रबंधन ने तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू; घायलों का चल रहा इलाज
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
चतरा। जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परियोजना के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट साइट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। एनटीपीसी प्रबंधन ने आधिकारिक बयान जारी कर तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, शुरुआती खबरों में पांच लोगों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन प्रबंधन के बयान में इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी परियोजना के तहत टंडवा के आरा स्थित सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर कन्वेयर बेल्ट का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई। निर्माण कार्य मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कराया जा रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना पर गहरा दुख जताते हुए एनटीपीसी प्रबंधन ने कहा है कि इस हृदयविदारक हादसे से पूरा एनटीपीसी परिवार शोकाकुल है। प्रबंधन ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग देने का भरोसा दिया है। दोनों घायल श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इधर, हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कन्वेयर बेल्ट के स्ट्रक्चर के डिजाइन में पहले भी खामियां सामने आई थीं, लेकिन कथित तौर पर इन्हें नजरअंदाज कर निर्माण कार्य जारी रखा गया। लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन और निर्माण कंपनियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
एनटीपीसी ने अपने बयान में कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन ने कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। अब जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।