नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। मसौढ़ी जेल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब अनुमंडल प्रशासन की पूरी टीम अचानक जेल परिसर में पहुंच गई। एसडीएम धनराज कुमार और डीएसपी राघव दयाल के संयुक्त नेतृत्व में करीब 65 कर्मियों की टीम ने जेल में सघन तलाशी अभियान चलाया।तलाशी अभियान के दौरान जेल के गंगा खंड, महावीर खंड समेत सभी सेल, बैरक, महिला बंदी खंड, किचन और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। टीम ने प्रत्येक सेल में बंद बंदियों के सामान, बिस्तर, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की जांच की। इसके साथ ही किचन में साफ-सफाई, खाने की गुणवत्ता, पीने के पानी, शौचालय और अन्य बुनियादी व मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस छापेमारी अभियान के दौरान जेल के अंदर हर तरफ प्रशासनिक हलचल देखी गई। जेल प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और टीम को हर जानकारी उपलब्ध कराते रहे। तलाशी के दौरान बंदियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी गई।
छापेमारी के बाद एसडीएम धनराज कुमार ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर समय-समय पर जेल में इस तरह की जांच की जाती है, ताकि जेल के अंदर की व्यवस्थाएं ठीक हैं या नहीं इसका पता चल सके। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर हर सेल में बंद बंदियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाती है। तलाशी के दौरान जेल से कोई भी मोबाइल फोन, चाकू या अन्य किसी तरह का कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है।
स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की जांच आगे भी समय-समय पर जारी रहेगी, ताकि जेल के अंदर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। छापेमारी के बाद जेल में स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सख्ती का संदेश गया है।