नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पूर्वी चंपारण। राज्य सरकार की शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू करने के अभियान में उत्पाद विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। सिकरहना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान विभाग की सतर्क टीम ने तस्करी की एक अनोखी कोशिश को नाकाम करते हुए 210 लीटर अवैध शराब बरामद की है।बाहर से सामान्य दिखने वाला ई-रिक्शा भीतर से तस्करी का अड्डा निकला।
जानकारी के अनुसार, अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्ती और वाहन जांच कर रही है। इसी मुस्तैदी के चलते टीम की नजर एक संदिग्ध ई-रिक्शा पर पड़ी। टीम की सख्त घेराबंदी और कार्रवाई को भांपकर चालक ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जब अधिकारियों ने बारीकी से ई-रिक्शा की तलाशी ली, तो उसमें बेहद चालाकी से बनाया गया एक गुप्त तहखाना पकड़ा गया। तस्करों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए यह विशेष ढांचा तैयार किया था, लेकिन टीम की सूझबूझ से उनकी यह चाल नाकाम हो गई। तहखाने से कुल 210 लीटर शराब बरामद की गई है।
विभाग ने अवैध शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर के ई-रिक्शा को भी तत्काल जब्त कर लिया है। प्रशासन की ओर से फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।