विधायक अरूप चटर्जी बोले- निरसा में कोई सुरक्षित नहीं, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा; भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह ने किया पलटवार, पूछा- सत्ता में रहते कोयला चोरी क्यों नहीं रोक पाए?
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। निरसा में अवैध कोयला खनन और तस्करी का मामला एक बार फिर गरमा गया है। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने राजा कोलियरी के अवैध खनन स्थल का निरीक्षण कर कोयला चोरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कोलियरी प्रबंधन से तत्काल अवैध खनन रोकने की मांग की। वहीं, इस मामले को लेकर भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह ने विधायक पर पलटवार करते हुए उनके निरीक्षण को दिखावा करार दिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने आरोप लगाया कि राजा कोलियरी का 25 प्रतिशत से अधिक कोयला अवैध उत्खनन के जरिए निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन का दायरा निरसा बाजार तक पहुंच गया है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की शीतलपुर टीम पर भी अवैध खनन रोकने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि निरसा क्षेत्र में कोई भी सुरक्षित नहीं है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गंभीर हादसा हो सकता है।

अरूप चटर्जी ने कोलियरी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध खनन पर रोक लगाना संभव नहीं है तो कोलियरी बंद कर दी जाए, अन्यथा नियमित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले निरीक्षण के बाद अवैध गतिविधियां बंद हुई थीं, लेकिन अब फिर से खनन शुरू हो गया है। क्षेत्र में रात के साथ दिन के उजाले में भी कोयले का अवैध उत्खनन हो रहा है।
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह ने विधायक के निरीक्षण पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे दिखावा बताते हुए पूछा कि जब विधायक सत्ता पक्ष में हैं और उनके आवास के आसपास वर्षों से अवैध खनन हो रहा है, तो अब तक इसे बंद क्यों नहीं कराया गया? उन्होंने कहा कि पूर्व में सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के बावजूद कोयला चोरी नहीं रुकी। जनता जानना चाहती है कि अवैध खनन से कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? फिलहाल राजा कोलियरी में अवैध खनन को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अब देखना है कि प्रबंधन और प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।