आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक समेत कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध, पालीगंज-दुल्हिनबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। बिक्रम प्रखंडवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग शनिवार को पूरी हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिक्रम में 9.64 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से बिक्रम और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
बिक्रम के असपुरा के समीप पटना-औरंगाबाद सोन नहर मार्ग के किनारे करीब एक एकड़ जमीन पर इस ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कराया गया है। यहां सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की गई हैं। ट्रॉमा सेंटर में 10 आईसीयू बेड और 15 सामान्य बेड के अलावा आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, जनरल ओपीडी तथा सेंट्रल मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
ट्रॉमा सेंटर के शुरू होने से बिक्रम के साथ पालीगंज, दुल्हिनबाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। सड़क दुर्घटना या अन्य गंभीर आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज के लिए पटना जाने की मजबूरी कम होगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी।
ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन पर बिक्रम विधायक सिद्धार्थ सौरभ, अतुल कुमार, तेज नारायण, शशांक मिश्रा, श्याम किशोर शर्मा, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह, गीता देवी, रीता देवी, सुशील सिंह, पंकज शर्मा, अरुण कुमार, शशि भूषण सिंह, सम्रेश्वर सिंह समरेश, उमेश यादव, सियाशरण यादव, श्रीकांत प्रसाद, कृष्णा मोची, अजय कुमार, सुजीत यादव, अमरनाथ सिंह, सुदामा प्रसाद एवं दीपक सहित क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की।
लोगों ने इसे बिक्रम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि आधुनिक ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में बिक्रम विधायक सहित कई लोगों ने अथक प्रयास किया है। उन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज क्षेत्रवासियों को यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रॉमा सेंटर के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।