तीन दिवसीय समारोह का हुआ शुभारंभ, अमृतसर के हजूरी रागी जत्थे और पटियाला के कथावाचक देंगे प्रस्तुति, तीन दिनों तक चलेगा अटूट लंगर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। सिख धर्म के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर धनबाद में भक्ति और उत्साह का माहौल है। तीन दिवसीय प्रकाश पर्व समारोह का शुभारंभ सोमवार को भव्य नगर कीर्तन के साथ हुआ। झरिया के कोयरीबांध गुरुद्वारा से निकला नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बैंकमोड़ स्थित बड़ा गुरुद्वारा पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में शामिल संगत का भव्य स्वागत किया। नगर कीर्तन कतरास मोड़, बस्ताकोला, धनसार और जोड़ाफाटक गुरुद्वारा होते हुए बैंकमोड़ पहुंचा। इस दौरान मार्ग में तोरण द्वार और स्वागत शिविर लगाए गए थे।

श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए संगत का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान गुरु भक्ति, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया।बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा के सेवादार सतपाल सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर तीन दिनों तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन संगत के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी जत्था हरजीत सिंह और पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला के कथावाचक डॉ. हरभजन सिंह शबद-कीर्तन और कथा दीवान के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

गुरुद्वारा के सेवादार गुरुचरण सिंह ने बताया कि आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। बैंकमोड़ बड़ा गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए अरदास, शबद-कीर्तन और लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर सिख समाज में खासा उत्साह है। नगर कीर्तन के माध्यम से धनबाद में गुरु भक्ति, सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।