नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जनसरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ दक्षिण बिहार के औरंगाबाद जिले के बारून से शुरू हुआ ‘नवबिहार टाइम्स’ का सफर आज अपने 39वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। ठीक 39 साल पहले, 18 नवंबर 1987 (बुधवार) को ‘नव हलचल’ समाचार पत्र के माध्यम से जिस क्षेत्रीय पत्रकारिता की नींव रखी गई थी, वह 1990 में भारत सरकार से ‘नवबिहार टाइम्स’ के रूप में पंजीकृत होने के बाद निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। आज यह समाचार पत्र बिहार, झारखंड और पूर्वांचल से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक अपनी सशक्त पहचान बना चुका है।
स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर अखबार प्रबंधन ने 18 नवंबर 1987 के उद्घाटन समारोह की एक ऐतिहासिक तस्वीर साझा की है। प्रसिद्ध छायाकार अखौरी प्रमोद के कैमरे में कैद इस दुर्लभ चित्र में तत्कालीन जिलाधिकारी देवाशीष गुप्त (जो बाद में झारखंड के मुख्य सचिव एवं झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष बने) और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिन्हा (जो बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो – सीबीआई के निदेशक बने) मंचासीन दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में अखबार के संपादक-प्रकाशक स्वागत भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं।
अखबार के संपादकीय दृष्टिकोण के अनुरूप, यह 39 वर्षों का सफर केवल प्रकाशन का विस्तार नहीं, बल्कि पाठकों के अटूट विश्वास और क्षेत्रीय अस्मिता को स्वर देने का परिणाम है। अखबार ने अपनी इस दीर्घकालीन सफलता का श्रेय अपने सभी सम्मानित पाठकों, विज्ञापनदाताओं और शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग को दिया है।