युवा वैज्ञानिकों से बड़े सपने देखने और अनुसंधान के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML) के 77वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक और नवाचार से भारत वैश्विक शक्ति बनेगा। उन्होंने युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से बड़े सपने देखने तथा नए विचारों के साथ देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की सात दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा देश के वैज्ञानिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान की मौजूदगी विशेष महत्व रखती है। खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रयोगशाला में खनिजों से उपयोगी पदार्थ प्राप्त करने, मजबूत एवं टिकाऊ धातुओं के विकास और औद्योगिक अपशिष्ट के पुनः उपयोग जैसे महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। आधुनिक उद्योग और रक्षा क्षेत्र में विशेष धातुओं तथा महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती मांग के बीच स्वदेशी तकनीक का विकास जरूरी है। राज्यपाल ने सेमीकंडक्टर तकनीक का उल्लेख करते हुए कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर, वाहन और रक्षा उपकरणों में इनका व्यापक उपयोग होता है। भारत इस क्षेत्र में अपनी वैज्ञानिक क्षमता मजबूत कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और नवाचार देश को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीक जब उद्योगों तक पहुंचती है, तो उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ती है, रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। कार्यक्रम में अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जे.डी. पाटिल और संस्थान के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी सहित वरिष्ठ वैज्ञानिक उपस्थित थे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया तथा स्मारिका का विमोचन भी किया गया।