पंचायत विकास दिवस पर “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” थीम के साथ जिला स्तरीय समारोह का आयोजन, प्रभारी मंत्री ने किया उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, औरंगाबाद रमा निषाद द्वारा पंचायत विकास दिवस के अवसर पर मदनपुर प्रखंड अंतर्गत बनिया पंचायत स्थित राणा रामेश्वर +2 उच्च विद्यालय, बनिया घटराइन के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय पंचायत विकास दिवस समारोह का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया।

गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया जाना है।
जून माह की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” निर्धारित की गई, जिसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, समान अवसर, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में ग्राम पंचायतों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुआ। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा द्वारा प्रभारी मंत्री को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी द्वारा जिला पदाधिकारी एवं स्थानीय मुखिया को भी बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। पंचायत विकास दिवस सरकार की उन सभी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है, जिनका उद्देश्य ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाने का निर्णय पंचायतों को विकास का वास्तविक केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने कहा कि इस माह की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” अत्यंत सार्थक एवं समयानुकूल है। किसी भी पंचायत की समृद्धि तभी संभव है, जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित, आर्थिक रूप से सशक्त हों तथा विकास की प्रत्येक प्रक्रिया में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने हेतु अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आज पंचायती राज संस्थाएँ ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को अधिकांश सरकारी सेवाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें और उन्हें अनावश्यक रूप से प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया गया तथा प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 135वें संस्करण का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित ग्रामीणों एवं अधिकारियों ने गंभीरतापूर्वक सुना।
इसके अतिरिक्त मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा “विकसित भारत–समृद्ध बिहार” अभियान के अंतर्गत नशामुक्त बिहार, शराबबंदी, महिलाओं के सम्मान एवं परिवार के कल्याण पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन कर आमजन को शराबबंदी के पूर्व एवं पश्चात की स्थिति से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), प्रखंड विकास पदाधिकारी मदनपुर, अंचल अधिकारी मदनपुर, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मदनपुर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।