डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूरा, योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में तेजी लाने का निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में गुरुवार को उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि एग्री स्टैक परियोजना के तहत जिले में अब तक कुल 43,978 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जा चुकी है। वहीं, डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि के साथ जिले में कृषि से संबंधित डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में कृषि यांत्रिकीकरण, वर्मी कंपोस्ट, बायोगैस इकाई, परंपरागत कृषि विकास योजना, मिट्टी जांच, उद्यान विकास एवं भूमि संरक्षण सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा सहकारिता, मत्स्य पालन और लघु सिंचाई विभाग के कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के तहत लाभ लेने के इच्छुक पात्र किसानों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि योग्य किसानों को योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सहित कृषि, उद्यान, आत्मा, भूमि संरक्षण, सहकारिता, मत्स्य एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।