एनएच-139 पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर आनंद विहार होटल के सामने हादसा, ग्रामीणों ने ट्रक पकड़ पुलिस को सौंपा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग (एनएच-139) पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा आनंद विहार होटल के सामने उस समय हुआ, जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक गलत दिशा में आकर दंपती को टक्कर मार दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव निवासी लक्ष्मण पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि लक्ष्मण पासवान अपनी पत्नी सरस्वती देवी के साथ अरवल जिले के वासिलपुर स्थित एक निजी हॉस्टल में अपने नाती से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान आनंद विहार होटल के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने गलत दिशा में आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मण पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सरस्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल सरस्वती देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल भेजा गया। वहीं, प्रशासन ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
लक्ष्मण पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर लगातार लगने वाले जाम और यातायात अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-139 पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उनका आरोप है कि सड़क पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।