अशोक चौधरी के इस्तीफे पर सियासी संग्राम तेज, दोहरे पद वाले अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी लटकी तलवार
बेताब अहमद
पटना। असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से मंत्री अशोक चौधरी के इस्तीफे ने बिहार के सियासी गलियारों में नई हलचल तेज कर दी है। इस कदम के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि इसकी आंच अब उन तमाम विधायकों और विधान पार्षदों तक पहुंच सकती है जो जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर के पद पर भी बने हुए हैं।
दरअसल, 17 मार्च 2021 से विधान परिषद सदस्य और सरकार में मंत्री रहते हुए अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पटना के एएन कॉलेज में योगदान दिया था और अगले ही दिन बिना वेतन अवकाश मांगा था। 19 अगस्त की सिंडिकेट बैठक में लियन खारिज होने और लोकभवन तक मामला पहुंचने के बाद उन पर नैतिक और तकनीकी दबाव बढ़ गया था। अब आज होने वाली सीनेट की बैठक में उनके इस्तीफे पर मुहर लगने के साथ-साथ इस बात पर भी सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या विश्वविद्यालय प्रशासन दोहरे पद संभाल रहे अन्य नेताओं पर भी इसी तरह का रुख अपनाएगा।
राजभवन ने यह भी रेखांकित किया है कि वेतन न लेने के बावजूद विश्वविद्यालय का यह पद ‘लाभ के पद’ के दायरे में आ सकता है। विवाद के दौरान स्वयं अशोक चौधरी ने भी यह बिंदु उठाया था कि बिहार में कई ऐसे विधायक और विधान पार्षद हैं जो प्रोफेसर या असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर बने हुए हैं। यदि कोई व्यक्ति पहले से विश्वविद्यालय में स्थायी प्रोफेसर है और बाद में चुनाव जीतकर विधायक या एमएलसी बनता है, तो विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 68(2) के तहत उसे लियन या अवकाश का लाभ मिलता रहा है। लेकिन अशोक चौधरी का मामला इसलिए अलग और विवादित हुआ क्योंकि वे पहले से मंत्री और विधान परिषद सदस्य थे और इस पद पर रहते हुए उन्होंने नई नियुक्ति ली और अगले ही दिन लियन के लिए आवेदन कर दिया।
मंत्री अशोक चौधरी के असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति में दोहरे पद और नैतिकता को लेकर बहस छिड़ गई है। सिंडिकेट में लियन नामंजूर होने और लोकभवन में पात्रता पर उठे सवालों के बाद आए इस इस्तीफे को लेकर विरोधी खेमा हमलावर है, वहीं सत्ता पक्ष इसे नियमों के पालन से जोड़कर देख रहा है।
आज सीनेट की बैठक में इस्तीफा मंजूर होने के बाद यह विवाद थमने के बजाय और बढ़ सकता है। वजह यह है कि सत्ता और विपक्ष के कई ऐसे नेता हैं जो विधायक या एमएलसी रहते हुए कॉलेजों में पदस्थ हैं। आगामी बैठकों में इस मुद्दे के उठने की संभावना ने कई माननीयों की बेचैनी बढ़ा दी है। असिस्टेंट प्रोफेसर पद से मंत्री अशोक चौधरी के इस्तीफे ने बिहार की राजनीति में नई बयानबाजी और चर्चा को जन्म दे दिया है। दोहरे पद और लाभ के पद को लेकर उठते सवालों के बीच दिया गया यह इस्तीफा आज सीनेट की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। इस घटनाक्रम के बाद यह चर्चा भी तेज है कि विधायक या एमएलसी रहते हुए प्रोफेसर पद संभाल रहे पक्ष-विपक्ष के अन्य नेताओं का मामला भी आगे की विश्वविद्यालय बैठकों में उठ सकता है।
जब एक मौजूदा मंत्री और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन किया और फरवरी 2026 में योगदान दिया, तो चयन प्रक्रिया या कॉलेज स्तर पर उसी समय नियमों की पड़ताल क्यों नहीं की गई? सेवा नियमों के तहत परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि पूरी किए बिना बिना वेतन अवकाश (लियन) का प्रावधान नहीं होता। ऐसे में योगदान के ठीक अगले दिन लियन का आवेदन किस आधार पर स्वीकार किया गया?
बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पक्ष और विपक्ष के कई ऐसे विधायक और एमएलसी हैं जो प्रोफेसर पद पर बने हुए हैं। क्या विश्वविद्यालय प्रशासन और राजभवन उन सभी की नियुक्ति और अवकाश की फाइलों की भी समीक्षा करेगा? जो नेता पहले से स्थायी प्रोफेसर थे और बाद में चुनाव जीते, बनाम जो नेता जनप्रतिनिधि रहते हुए नए सिरे से नियुक्त हुए क्या दोनों के लिए अलग-अलग नियम लागू होंगे? क्या राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों द्वारा विश्वविद्यालय की सीटों पर योगदान देकर तुरंत अवकाश ले लेने से अन्य बेरोजगार और योग्य अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित होने का सवाल उठ सकता है?
अगस्त में सिंडिकेट से लियन खारिज होने के बाद इस्तीफा देने में महीनों का समय क्यों लगा? क्या यह कदम केवल राजभवन (लोकभवन) की आपत्तियों और बढ़ती कानूनी अड़चनों के दबाव में उठाया गया है? विपक्ष जहां इस मुद्दे पर सरकार की नैतिकता पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष यह सवाल दाग सकता है कि विपक्ष के जो नेता इसी तरह के पदों पर हैं, वे कब इस्तीफा देंगे?