श्रमिकों को मांग के अनुरूप काम उपलब्ध कराने, लंबित योजनाओं को पूरा करने और मजदूरी भुगतान समय पर करने पर जोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर आयोजित बैठक में सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ VB-G RAM G के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पंचायत में श्रमिकों का नियोजन शून्य नहीं रहना चाहिए तथा श्रमिकों की मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मानव दिवस सृजन, पंचायतवार योजनाओं की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, पौधारोपण योजनाओं तथा विभिन्न वर्षों की लंबित योजनाओं की समीक्षा की गई। डीडीसी ने सभी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन, कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में पर्याप्त संख्या में योजनाएं संचालित रखी जाएं, ताकि जरूरतमंद श्रमिकों को लगातार रोजगार मिल सके। मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति के लिए कार्यक्रम पदाधिकारी एवं पंचायत स्तरीय कर्मी नियमित अनुश्रवण करें। दिसंबर माह के लिए श्रमिकों की कार्य मांग का निबंधन भी समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
श्रमिकों की आधार सीडिंग और ई-केवाईसी से संबंधित लंबित कार्यों को अभियान चलाकर शीघ्र पूरा करने को कहा गया, ताकि मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। मजदूरी भुगतान की समीक्षा के दौरान सभी भुगतान निर्धारित समयसीमा के भीतर करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए लाभुकों से समन्वय स्थापित कर आवास निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की योजनाओं में शीघ्र काम शुरू करने तथा निर्माणाधीन केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक ग्रामीण हाट के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
पौधारोपण एवं विभिन्न वर्षों की लंबित योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने नियमित निरीक्षण, आवश्यकतानुसार मानव दिवस सृजन तथा पुरानी योजनाओं को नियमानुसार पूर्ण अथवा बंद करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सोखता, चेक डैम, आहर एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग से संबंधित योजनाओं को भी गति देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कार्य पूर्णता दर में सुधार, कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण तथा एनएमएमएस के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।