नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से साइकिल सवार 55 वर्षीय निजी शिक्षक की मौत हो गई। घटना देव थाना अंतर्गत में भवानीपुर मोड़ के समीप की है। मृतक की पहचान देव प्रखंड कार्यालय के समीप रहने वाले अशोक कुमार सिंह के रूप में की गई है। वैसे, मूल रूप से वह ढिबरा के रहने वाले थे। पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ प्रखंड कार्यालय के समीप मकान बनाकर रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह अशोक कुमार सिंह साइकिल से स्कूल में पढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान भवानीपुर मोड़ के पास देव की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने टक्कर मार दिया। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गये। हादसे के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गयी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। बताया जाता है कि अशोक कुमार सिंह एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शनिवार की सुबह भी वह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भवानीपुर मोड़ के पास यह हादसा हो गया। बताया गया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने हादसे में शामिल हाइवा को पकड़ लिया। अशोक कुमार सिंह की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले अशोक कुमार सिंह की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं।
परिजनों के लिए सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि बूढ़े पिता का सहारा भी छिन गया जिस बेटे से परिवार को उम्मीदें थीं, उसकी सड़क हादसे में मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है।