नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बारुण थाना क्षेत्र स्थित सनथुआ मोड़ पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार की टक्कर से रोहतास के नोखा निवासी 28 वर्षीय सरोज राठौर की मौके पर ही असमय मौत हो गई। इस दुखद घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गये।
मृतक की पहचान रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के भिसरीडीह गांव निवासी 28 वर्षीय सरोज राठौर के रूप में की गयी। जानकारी के अनुसार, सरोज राठौर बाइक से जा रहे थे। वे जैसे ही वे बारुण थाना क्षेत्र स्थित सनथुआ मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज गति से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दूर जा गिरी और परखच्चे उड़ गये। बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ लग गयी।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बारुण थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस बल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सनथुआ मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वदुर्घटना में शामिल नेक्सन कार को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गयी है, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।