नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेंगसेरा मौसीबाड़ी के पास सोमवार को बिजली करंट लगने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि अन्य सात छात्र घायल हो गए।
मृतकों में पेट्रोल पम्प तोरपा निवासी 16 वर्षीय चंदन कुमार और टुराटोली निवासी 15 वर्षीय तीजेश्वर महतो शामिल हैं। घायलों में तोरपा के अरमान आलम सैयसेरा के सूजय लोहरा, तोरपा के नीलय एक्का, पंजक राम, रुपेश कुमार, गिरिरराज यादव और कमलेश गोप शामिल हैं। शामिल सभी श्री हरि प्लस टू स्कूल के विद्यार्थी हैं और सभी 15 से 17 वर्ष के किशोर हैं।
घायल छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद खूंटी सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। और सभी घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार और तारकेश्वर महतो को सदर अस्पताल खूंटी लाया गया जहां जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर में छात्रों का लंच ब्रेक था। कुछ बच्चे स्कूल से दूर मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को घुमाने लगे। उसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा ग्यारह हजार बोल्ट के विद्युत तार के संपर्क में आ गया और नौ छात्र बिजली करंट की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बच्चों के परिजनों के विलाप से वहां मौजूद सभी की आंखें नम हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे स्कूल से दूर मौसीबाड़ी खेलने के लिए गए थे या उन्हें रथ धकलने के लिए कोई बुलाकर ले गया था।