मोकामा स्टेशन पर जीआरपी की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री से कथित छेड़छाड़ के आरोप में भारतीय सेना के एक जवान को मोकामा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया। घटना शनिवार देर रात की है। सूचना मिलते ही जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जीआरपी मोकामा के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पटना रेल नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेन संख्या 18630 गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस के बी-6 कोच में बर्थ संख्या 20 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची और संबंधित कोच में जाकर मामले की जांच की।
जांच के दौरान पीड़िता ने बर्थ संख्या 18 पर यात्रा कर रहे एक यात्री के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने यात्रा के दौरान उसके साथ अशोभनीय हरकत की। मौके पर मौजूद टीटीई और अन्य सहयात्रियों ने भी महिला की शिकायत का समर्थन किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेन से उतार लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन तवर (34 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के मंगलेया थाना क्षेत्र के छिपरा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह भारतीय सेना में जवान है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय वह कथित रूप से नशे की हालत में था। महिला और आरोपी दोनों रांची जा रहे थे।
जीआरपी ने पीड़िता के लिखित आवेदन, टीटीई तथा अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। रेलवे पुलिस ने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अभद्रता या छेड़छाड़ की शिकायत पर तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।