नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7.2 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 जून 2026 की शाम करीब 7:25 बजे मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग पटना से जम्होर थाना को सूचना मिली थी कि जम्होर रेलवे गुमटी के समीप एक व्यक्ति बैग और झोले में अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद को दी गई, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम जब रेलवे गुमटी के पास पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे बाबा सिद्धनाथ मंदिर के पास धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके झोले से 3.6-3.6 किलोग्राम के दो पैकेटों में कुल 7.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुणेश्वर प्रसाद (59 वर्ष), पिता स्व. शिव कुमार प्रसाद, ग्राम नवादा चैन, थाना उदवंतनगर, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस मामले में जम्होर थाना कांड संख्या 157/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।