नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। गोलमुरी में गुरुवार को अपराधियों ने कानून व्यवस्था को सरेआम चुनौती दे डाली! फिल्मी अंदाज में घुसे डकैतों ने दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक की शाखा में बैंककर्मियों को बंधक बनाया और मैनेजर के सिर पर पिस्तौल तानकर पूरा चेस्ट खाली करवा कर करीब 42 लाख रुपये लूट लिये। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। क्या शहर में कोई बड़ा गैंग सक्रिय हो गया है? कैसे बेखौफ अपराधियों ने दिन के उजाले में इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हथियारबंद अपराधी बैंक में पहुंचे और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। हथियार दिखाकर सभी को शांत रहने की धमकी दी गयी। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को चेस्ट के पास ले जाकर उसे खोलने के लिए मजबूर किया। चेस्ट खुलते ही अपराधियों ने उसमें रखी करीब 42 लाख रुपये नकदी अपने कब्जे में ले ली। रकम समेटने के बाद सभी अपराधी बैंक से बाहर निकले और फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि अपराधियों को बैंक में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी कैसे मिली। वारदात में कितने अपराधी शामिल थे, उनके पास किस तरह के हथियार थे और वे किस वाहन से पहुंचे थे, इसकी भी जांच की जा रही है। बैंककर्मियों से अपराधियों के हुलिये और बातचीत से जुड़ी जानकारी ली गयी है।
पुलिस द्वारा बैंक के अंदर और बाहरी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। अपराधियों की धरपकड़ और पहचान के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। अपराधी तो चले गए, लेकिन पीछे छोड़ गए दहशत का वो साया, जिससे बैंक कर्मचारी अब भी कांप रहे हैं।