मासूम बेटी ने पुलिस को बताई पूरी घटना, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में सो रही 22 वर्षीय आशा देवी की उसके पति सुजीत पासवान ने कथित रूप से डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति अपने परिवार के साथ फरार हो गया। घर में मृतका की पांच वर्षीय बेटी अंशिका अकेली मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान राघोपुर के जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वार्ड-12 निवासी गणेश पासवान की पुत्री आशा देवी के रूप में हुई है। करीब ढाई वर्ष पहले उसकी शादी मथुरापुर निवासी सुजीत पासवान, पिता विलास पासवान के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार दोनों की यह दूसरी शादी थी। सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो चुकी थी और उसके दो बच्चे हैं। वहीं आशा देवी के पहले पति की भी बीमारी से मौत हुई थी, जिससे उसकी पांच वर्षीय बेटी अंशिका थी।
मृतका के पिता गणेश पासवान ने आरोप लगाया कि शादी के समय दोनों पक्षों को पूर्व विवाह और बच्चों के बारे में पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद बच्चों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते आशा की हत्या कर दी गई।
मृतका की मां ने बताया कि शादी के करीब छह महीने तक सबकुछ ठीक था, लेकिन इसके बाद सुजीत का व्यवहार बदल गया और वह आशा के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि पिछले पांच दिनों से आशा को खाना तक नहीं दिया जा रहा था। शनिवार रात करीब नौ बजे आशा ने फोन कर परिजनों से कहा था कि उसे मायके ले जाएं, नहीं तो ससुराल वाले उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। परिजनों ने सुबह आकर ले जाने की बात कही। सुबह एक ग्रामीण ने फोन कर आशा की मौत की सूचना दी।
मृतका की पांच वर्षीय बेटी अंशिका ने पुलिस और ग्रामीणों को बताया कि रात में खाना खाने के बाद उसकी मां सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने डंडे से मां की पिटाई की। बच्ची के अनुसार उस समय दादी मठ गई थीं और दादा घर पर नहीं थे। घटना के बाद पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।