नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। बिहार में निर्माण कार्यों के अजूबे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब नया मामला सासाराम की बेदा रिंग रोड का है, जहाँ ₹122.86 करोड़ की योजना का उद्घाटन होना था। लेकिन, उद्घाटन का फीता कटने का सब्र शायद स्वागत द्वार को भी नहीं था, इसलिए वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहुंचने से ठीक पहले खुद ही जमीन पर लेट गया।
रोहतास जिले के सासाराम में ₹122.86 करोड़ की लागत से नवनिर्मित बेदा रिंग रोड के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान एक अप्रिय घटना सामने आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन और प्रस्तावित उद्घाटन से ठीक पहले बेदा स्थित मुख्य स्वागत द्वार अचानक धराशायी हो गया।
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना के तकनीकी कारणों का पता लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। रिंग रोड तक पहुंचने वाले मार्ग, रूट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान उद्घाटन द्वार गिरने की घटना ने तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिये।