नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के जंगल में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया। जब स्थानीय लोगों ने भारी मात्रा में वोटर कार्ड, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।
मौके से मिले दस्तावेजों में वोटर आईडी कार्ड, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये दस्तावेज यहां किसने और क्यों फेंके। मामले को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि
“जंगल से वोटर कार्ड, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। फिलहाल जांच की जा रही है कि इन्हें यहां किसने और क्यों फेंका। दस्तावेज वैध हैं या रिजेक्ट किए गए हैं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।”
पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेज असली हैं या फर्जी इसकी भी जांच की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों और बैंकों से संपर्क कर दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की तहकीकात जारी है।